गणतंत्र दिवस परेड में मिर्जापुर ग्राम पंचायत को मिला राष्ट्रीय गौरव,प्रधान राजेश सिंह एवं उनकी पत्नी सपना सिंह होंगी शामिल,
विकास खंड के लिए गौरव की बात,

Kashinewstimes धानापुर (चंदौली):

विकास खंड धानापुर अंतर्गत मिर्जापुर ग्राम पंचायत के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि ग्राम प्रधान राजेश सिंह एवं उनकी पत्नी सपना सिंह को 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह चयन पंचायत स्तर पर किए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों और माडल ग्राम की दिशा में किए गए प्रयासों के आधार पर पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया है।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश से चुनिंदा पंचायत प्रतिनिधियों एवं उनके जीवनसाथियों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर दिया गया है। चयन सूची में मिर्जापुर ग्राम पंचायत का नाम शामिल होना न केवल पंचायत, बल्कि पूरे धानापुर क्षेत्र के लिए सम्मान की बात मानी जा रही है।जैसे ही इस उपलब्धि की जानकारी गांव में पहुंची, मिर्जापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और सक्रिय जनप्रतिनिधित्व का सकारात्मक परिणाम बताया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर देश की सर्वोच्च परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होना उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे मिर्जापुर ग्राम पंचायत के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने इस सम्मान के लिए भारत सरकार और पंचायती राज विभाग के प्रति आभार प्रकट किया।



